सलूंबर। जिले में गणतंत्र दिवस समारोह–2026 को भव्य, गरिमामय एवं अनुशासित रूप से संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिला मुख्यालय स्थित वीसी कक्ष में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसकी संयुक्त अध्यक्षता जिला कलेक्टर अवधेश मीना एवं पुलिस अधीक्षक राजेश यादव ने की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य गणतंत्र दिवस समारोह की सभी तैयारियों को समयबद्ध, समन्वित एवं त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण करना रहा। कलेक्टर अवधेश मीना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, अतिथियों की व्यवस्था, मंच सज्जा, ध्वजारोहण, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक राजेश यादव ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि समारोह स्थल सहित आसपास के क्षेत्रों में कड़ी निगरानी, यातायात प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी तैयारियों की जानकारी दी। साथ ही विभागीय समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया गया, ताकि कार्यक्रम सुचारु एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गणतंत्र दिवस समारोह में जनभागीदारी, देशभक्ति की भावना और सांस्कृतिक विविधता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।