सलूंबर। जिला पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार यादव के निर्देशन में अवैध बजरी खनन व परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत झल्लारा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने अवैध बजरी से भरा एक ट्रैक्टर मय ट्रॉली जब्त किया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार यादव द्वारा अवैध बजरी के परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रतन चावला एवं पुलिस उप अधीक्षक वृत सलूंबर श्री हेरम्ब जोशी के सुपरविजन में थानाधिकारी झल्लारा श्री जयकिशन फुलवारिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
घटना दिनांक 13 जनवरी 2026 की है। थाना झल्लारा पुलिस टीम सर्कल गश्त पर थी। सुबह करीब 9:25 बजे गांव वक्त के पास मुखबिर से सूचना मिली कि देवगांव की ओर से एक ट्रैक्टर अवैध बजरी भरकर आ रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए खोलड़ी मेन रोड पर नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान सुबह 9:45 बजे सलूंबर की ओर से एक बिना नंबर का ट्रैक्टर मय ट्रॉली रेती (बजरी) से भरा हुआ आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर चालक ट्रैक्टर को दूर खड़ा कर मौके से फरार हो गया। जांच में ट्रैक्टर मैसी कंपनी का मॉडल 1035 DI पाया गया, जिसकी ट्रॉली में करीब 4 टन अवैध बजरी भरी हुई थी।
पुलिस द्वारा मौके पर कानूनी कार्रवाई करते हुए प्रकरण संख्या 09/26 धारा 303(2) बीएनएस, धारा 4/21 एमएमडीआर एक्ट 1957 एवं राजस्थान अप्रदान खनिज नियमावली 2017 के नियम 54/60 के तहत मामला दर्ज किया गया। ट्रैक्टर मय ट्रॉली को जब्त कर थाने लाया गया तथा मालखाने में सुरक्षित खड़ा करवाया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेशानुसार बजरी खनन व परिवहन पर प्रतिबंध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिला पुलिस का ध्येय है—आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय।
कार्रवाई में शामिल टीम सदस्य:
श्री जयकिशन फुलवारिया, थानाधिकारी
श्रीमती सेजल शेखावत, प्रशिक्षु आरपीएस
श्री अशोक कुमार, हैड कांस्टेबल (नं. 79)
श्री लक्ष्मणलाल, कांस्टेबल (नं. 312)
श्री प्रकाशचन्द्र, कांस्टेबल (नं. 393)
श्री नीरज, कांस्टेबल (नं. 329)