लोकतंत्र के प्रहरी बने कार्मिक, राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर दिलाई गई शपथ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को सुदृढ़ करना तथा नागरिकों में चुनावी प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 25 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण यह समारोह शुक्रवार को आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) अवधेश मीना ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई।
समारोह के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने संविधान की उद्देशिका के अनुरूप शपथ का वाचन किया, जिसे उपस्थित सभी कार्मिकों ने सामूहिक रूप से दोहराया। शपथ में लोकतंत्र के प्रति पूर्ण आस्था व्यक्त करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
शपथ में कहा गया कि “हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे। हम स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।”
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से मतदाता सहभागिता बढ़ाने और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया गया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!