ग्राम उत्थान को नई गति: गिरदावर सर्किल स्तर पर विशेष शिविरों की शुरुआत किसानों-पशुपालकों को एक ही मंच पर 12 विभागों की योजनाओं का सीधा लाभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर, 23 जनवरी।‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026’ के सफल आयोजन के बाद राज्य सरकार की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर गिरदावर सर्किल स्तर पर विशेष ग्राम उत्थान शिविरों की शुरुआत की गई। गुरुवार को खेराड, बनोडा, कुण, केजड एवं टोकर ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली।
ये ग्राम उत्थान शिविर 24, 25 एवं 31 जनवरी तथा 1, 5, 6, 7, 8 और 9 फरवरी को दो चरणों में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। शिविरों का मुख्य उद्देश्य किसानों, पशुपालकों एवं ग्रामीणों को कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता सहित 12 विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का त्वरित, पारदर्शी और एकीकृत लाभ उपलब्ध कराना है।
शिविरों में विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) गारंटी अधिनियम-2025 के अंतर्गत आवश्यक विकास कार्यों के प्रस्ताव लिए जा रहे हैं। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा तारबंदी, डिग्गी, पाइपलाइन, फार्म पॉण्ड, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर, प्लास्टिक मल्च, सोलर पंप संयंत्र की स्वीकृतियां दी जा रही हैं। इसके साथ ही बैलों से खेती करने पर 30 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, फसल बीमा, एमएसपी की जानकारी, आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन, सॉइल हेल्थ कार्ड वितरण, बीज एवं मिनी किट सत्यापन जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
कृषि विपणन विभाग द्वारा पीएमएफएमई योजना के आवेदन, मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजना के प्रकरणों का निस्तारण एवं किसान विश्राम स्थल निर्माण के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। सहकारिता विभाग द्वारा मुख्यमंत्री किसान निधि का डीबीटी, किसान क्रेडिट कार्ड, एनसीओएल-एनसीईएल सदस्यता, नवीन गोदाम निर्माण, सहकारी बैंक खाते, स्वयं सहायता समूह ऋण एवं 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान योजना से संबंधित कार्य किए जा रहे हैं।
पशुपालन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना में पंजीकरण, पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, पशु आहार एवं खनिज मिश्रण वितरण तथा गौशाला विकास योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
इन ग्राम पंचायतों में होंगे शिविर
24 जनवरी (शनिवार): भबराना, खरका, पलोदड़ा, लसाड़िया, सेमारी
31 जनवरी (शनिवार): सल्लाड़ा, करावली, झल्लारा, देवलिया, बड़ावली
5 फरवरी (गुरुवार): सलूंबर, परसाद, जेताना, धौलिया
6 फरवरी (शुक्रवार): सिंघटवाड़ा, बरोड़ा, कालीभीत
7 फरवरी (शनिवार): गिंगला, सराड़ा
8 फरवरी (रविवार): जयसमंद
9 फरवरी (सोमवार): जावद, सेरिया कल्याणाकला
शिविरों के सफल आयोजन हेतु प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी गई है। प्रशासन ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!