बेणेश्वर धाम में मेवाड़ा सुथार समाज की 16 बैठक उदयपुर संभाग की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रह 200 से अधिक प्रतिभाओं का सम्मान, समाज के सर्वांगीण विकास का लिया संकल्प

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बेणेश्वर धाम (डूंगरपुर)। डूंगरपुर जिले की पावन तपोभूमि बेणेश्वर धाम स्थित श्री विश्वकर्मा भवन परिसर में रविवार को श्री
विश्वकर्मा मेवाड़ा सुथार समाज महासभा की 16वीं बैठक, उदयपुर संभाग का शपथ ग्रहण एवं प्रतिभा सम्मान समारोह भव्य, अनुशासित एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, युवा, मातृशक्ति एवं गणमान्य अतिथियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
समारोह का शुभारंभ आराध्य देव श्री विश्वकर्मा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिससे संपूर्ण परिसर भक्तिमय एवं सकारात्मक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया।
इस अवसर पर वागड़ अंचल की 200 से अधिक प्रतिभाओं को शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु सम्मानित किया गया। साथ ही समाज के भामाशाहों एवं सरकारी सेवाओं में कार्यरत समाजजनों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित कर उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।
कार्यक्रम में श्री विश्वकर्मा मेवाड़ा सुथार समाज वागड़ बैठक के अध्यक्ष श्री भंवरलाल सुथार ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि समाज का सर्वांगीण विकास शिक्षा, संगठन और सेवा के समन्वय से ही संभव है। उन्होंने युवाओं को संगठित होकर सकारात्मक दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
पूर्व अध्यक्ष श्री शंकरलाल माकड़सीमा ने समाज में एकता, अनुशासन और संगठनात्मक मजबूती पर बल देते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही समाज की पहचान को सशक्त बनाता है। वहीं पूर्व महासचिव श्री कन्हैयालाल सुथार ने अपने कार्यकाल का प्रतिवेदन प्रस्तुत कर समाज के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसके पश्चात आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में बद्रीलाल सुथार एवं देवचंद सुथार माल ने कार्यवाहक संरक्षक की भूमिका निभाते हुए नवगठित कार्यकारिणी को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस दौरान श्री रमेशचंद्र सुथार को अध्यक्ष, श्री मोहनलाल सुथार (सराडा) को महासचिव, श्री जगन्नाथ नइजर को कोषाध्यक्ष तथा श्री शंकरलाल माकड़सीमा को संयोजक नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रकोष्ठों में संगठन, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, युवा, महिला, सांस्कृतिक एवं मीडिया प्रभारी सहित अन्य पदाधिकारियों की घोषणा की गई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री रमेशचंद्र सुथार ने कहा कि “पद नहीं, समाज सर्वोपरि है। पारदर्शिता, समर्पण और सामूहिक सहयोग से समाज को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जाएगा।”
महासचिव श्री मोहनलाल सुथार ने शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य एवं सामाजिक एकता को प्राथमिकता बताते हुए ठोस योजनाओं के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में श्री विश्वकर्मा सुथार एकता फोर्स के प्रतिनिधियों ने भी समाज में सामाजिक चेतना और संगठनात्मक एकजुटता पर अपने विचार रखे। मंच संचालन हितेश सुथार (सुंदनी), हितेश सुथार (जोगीवाड़ा) एवं धीरज सुथार ने कुशलता से किया।
समारोह का समापन समाज की एकता, ऊर्जा और नवसंकल्प के संदेश के साथ हुआ। आभार शिक्षा प्रकोष्ठ प्रभारी भगवतीलाल सुथार (वालाई) ने व्यक्त किया।

 रिपोर्टर : गोपाल सुथार, सलूंबर

और पढ़ें

error: Content is protected !!