सलूम्बर जिला कारागार सलूंबर में ठंड से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सेवा कार्य में विवायो संस्था के सहयोग से जिला पुलिस अधीक्षक राजेश यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में बंदियों को कंबल वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान एसपी राजेश यादव ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति संवेदनशीलता रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है। ठंड के मौसम में जरूरतमंदों की सहायता करना मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने विवायो संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर कारागार प्रशासन से अधिकारी मुकेश डामोर सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। वहीं विवायो संस्था की ओर से राजेश बी. मेहता, मुकेश सोनी, राजकुमार नागदा सहित कई स्वयंसेवक मौजूद रहे। बीएल गर्ग सहित अन्य कारागार कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम में बताया गया कि विवायो एक अंतरराष्ट्रीय सेवा संस्था है, जिसका मूल मंत्र “सेवा ही धर्म है”। संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य, दवा वितरण एवं कंबल वितरण जैसे अनेक सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था से जुड़े राजू भाई नागदा और मनीष भाई सोनी ने कहा कि मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं है और जरूरतमंदों की सहायता करना ही संस्था का प्रमुख उद्देश्य है।
यह कार्यक्रम समाज में करुणा, संवेदनशीलता और सेवा भाव से सशक्त समाज निर्माण का सकारात्मक संदेश देकर संपन्न हुआ।