करावली विद्यालय में विकास, शिक्षा और सम्मान का त्रिवेणी संगम नए कक्षा कक्षों व सामुदायिक भवन का लोकार्पण, वार्षिक उत्सव व विदाई समारोह में उमड़ा जनसैलाब

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर जिले में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय करावली में जनजातीय क्षेत्रीय विकास विभाग द्वारा निर्मित दो नवनिर्मित कक्षा कक्ष, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास मद से निर्मित एक अतिरिक्त कक्षा कक्ष तथा सामुदायिक भवन का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। इसी अवसर पर विद्यालय का वार्षिक उत्सव एवं विद्यार्थियों का विदाई समारोह भी हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सलूंबर विधायक शांता देवी अमृतलाल मीणा ने की। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में पवन रावल (मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, सलूंबर) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में चंद्रशेखर जोशी (देहात जिला उपाध्यक्ष भाजपा उदयपुर), सोहनलाल चौधरी (नेता प्रतिपक्ष, पंचायत समिति सलूंबर), नाहर सिंह राठौड़ (मेवल मंडल अध्यक्ष भाजपा), नाथूलाल कोलावत (भाजपा प्रवक्ता उदयपुर देहात) सहित यशवंत त्रिवेदी, नाथू सिंह गुडेल, केशव सिंह (संस्थापक, पूर्ण प्रगति संस्थान), प्रकाश जैन डाल, केशव चौबिसा गावड़ा, सुनील सालवी एवं अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।
सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने करावली विद्यालय के सुंदर एवं सुव्यवस्थित परिसर की प्रशंसा करते हुए राज्य स्तरीय 17 वर्ष छात्र आयु वर्ग सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने पर विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने खेल मैदान के दोनों ओर सीमेंटेड सड़क, दीवार एवं जाली निर्माण की स्वीकृति प्रदान करते हुए इसे खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात बताया। सांसद ने विद्यार्थियों को जीवन में समय के अनुशासन और सनातन संस्कृति को आत्मसात करने का संदेश दिया।
विधायक शांता देवी अमृतलाल मीणा ने ‘जी राम जी’ योजना की जानकारी देते हुए 125 दिन की रोजगार गारंटी के प्रावधान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ रोजगार और कौशल विकास को समय की आवश्यकता बताया।
पूर्व मेवल मंडल अध्यक्ष केवाराम पटेल ने ग्राम पंचायत करावली में केंद्र व राज्य सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए नए विकास कार्यों की मांग रखी। वहीं पूर्व उपसरपंच हीरालाल गर्ग ने विद्यालय में डोम निर्माण तथा कृषि संकाय खोलने की मांग सांसद एवं विधायक के समक्ष रखी।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय चौधरी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष करावली विद्यालय से छह खिलाड़ियों का सॉफ्टबॉल में राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है, जिससे सलूंबर जिला एवं करावली गांव गौरवान्वित हुआ है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधियों ने पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी सहित समस्त शिक्षकों को सम्मानित किया।
समारोह में भोजन भामाशाहों एवं विद्यालय को अनुदान देने वाले भामाशाहों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सरपंच राजू देवी मीणा, उपसरपंच रूपलाल मेरावत, समाजसेवी हरीश मीणा, शंकर नकावत, भंवर सिंह वालावत, नाथू सिंह भातावत, जयंतीलाल चौधरी, धूल सिंह, उदयलाल पटेल, नारायण लाल मीणा सहित ग्राम पंचायत करावली के गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी एवं समस्त कार्मिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम विकास, शिक्षा और खेल उपलब्धियों के उत्सव के रूप में यादगार बन गया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!