सलूम्बर में देशभक्ति का भव्य उत्सवः 77वें गणतंत्र दिवस पर कलेक्टर अवधेश मीना ने फहराया तिरंगा, 54 प्रतिभाएं हुईं सम्मानित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेल मैदान में हुआ गरिमामय आयोजन, मार्च पास्ट व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर जिला मुख्यालय पर 77वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित किया गया। जिलेभर में इस अवसर पर देशप्रेम और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
समारोह में जिला कलेक्टर अवधेश मीना ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और आकर्षक मार्च पास्ट परेड की सलामी ली। इसके पश्चात अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश रॉय सापेला ने माननीय राज्यपाल का संदेश पढ़कर सुनाया, जिसमें संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने सामूहिक शारीरिक व्यायाम का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की सराहना प्राप्त की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में देशभक्ति गीत, लोकनृत्य एवं रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी यादगार बना दिया। प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रबल किया।
इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीद परिवारों के सदस्यों को सम्मानित किया गया। साथ ही प्रशासनिक, शैक्षणिक, सामाजिक एवं पत्रकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 54 अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
समारोह में पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव, क्षेत्रीय विधायक शांता देवी मीणा, डिप्टी हेरम्भ जोशी, उपखंड अधिकारी जगदीश चंद्र बामनिया, सभापति प्रद्युम्न कोडिया सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर गर्ग

और पढ़ें

error: Content is protected !!