साहित्य साधकों का सम्मान: साकेत साहित्य संस्थान के 12 सदस्य हुए गौरवान्वित 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राजसमंद, 13 फरवरी। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, राजसमंद में शुक्रवार को साहित्यिक गरिमा से भरा एक प्रेरणादायी समारोह आयोजित हुआ, जिसमें साकेत साहित्य संस्थान के 12 सक्रिय सदस्यों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वर लाल बाल्दी, संस्थान की अध्यक्ष वीणा वैष्णव तथा उपाध्यक्ष नारायण सिंह राव ने नई कार्यकारिणी के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी बाल्दी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में संस्कार, संस्कृति और नैतिक मूल्यों का संरक्षण साहित्य और शिक्षा के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने कलम की शक्ति को तलवार से भी अधिक प्रभावशाली बताते हुए साहित्यकारों को समाज और विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति के वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया।
तहसील स्तर पर 500 से अधिक साहित्यप्रेमियों को जोड़ने के उल्लेखनीय कार्य के लिए बसंत कुमार पालीवाल, विक्रम सिंह चौहान, धर्मेंद्र सालवी “धरम”, मुकेश वैष्णव, मोहन लाल रैगर, शांतिलाल बुनकर, मदन लाल जोशी और सिद्धि जैन को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त संस्थान की रचनाओं की समीक्षा एवं साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय योगदान के लिए जिला आईटी सेल प्रभारी माधव लाल जटिया, मदन लाल जोशी, ममता खटीक तथा जिला मीडिया प्रभारी अन्नू राठौड़ “रुद्रांजली” को भी सम्मानित किया गया।
समारोह के अंत में अध्यक्ष वीणा वैष्णव ने सभी सम्मानित सदस्यों की साहित्य साधना और समर्पण की सराहना की, वहीं उपाध्यक्ष नारायण सिंह राव ने उपस्थित सभी साहित्यकारों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि साहित्य केवल शब्दों का संग्रह नहीं, बल्कि समाज निर्माण का सशक्त माध्यम है।

रिपोर्टर अन्नू राठौड़ “रुद्रांजली”

और पढ़ें

error: Content is protected !!