सलूंबर। पंचायत आम चुनाव 2026 को लेकर जिला मुख्यालय पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कार्मिक प्रबंधन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए एम्प्लॉय मैनेजमेंट सिस्टम (ईएमएस) पोर्टल के संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य चुनाव ड्यूटी प्रक्रिया को पारदर्शी, सटीक और त्रुटिरहित बनाना रहा।
बैठक की अध्यक्षता सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, सलूंबर के उपनिदेशक दीपक धाकड़ ने की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में जिले के सभी विकास अधिकारी, नोडल अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाई।
डेटा की शुद्धता पर विशेष फोकस
बैठक के दौरान प्रोग्रामर भाविक पारगी ने पीपीटी प्रस्तुति के जरिए ईएमएस पोर्टल पर कार्मिकों के शत-प्रतिशत पंजीकरण, डेटा अद्यतन, त्रुटि सुधार और रैंडमाइजेशन प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सही और अद्यतन जानकारी ही निष्पक्ष ड्यूटी निर्धारण की आधारशिला है।
उपनिदेशक धाकड़ ने निर्देश दिए कि पोर्टल पर दर्ज प्रत्येक सूचना की शुद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेताया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही तकनीकी अड़चनों के त्वरित समाधान के लिए आईटी टीम को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए।
ऑनलाइन और पारदर्शी होगी पूरी प्रक्रिया
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि चुनाव ड्यूटी निर्धारण की संपूर्ण प्रक्रिया ईएमएस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन और पारदर्शी ढंग से संपन्न होगी। सभी अधिकारियों को समयसीमा का सख्ती से पालन करने और निर्वाचन कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कोषाधिकारी रवि प्रकाश लंबा, अतिरिक्त कोषाधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।
पंचायत चुनाव 2026 को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने अभी से तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है।