सलूम्बर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शहर में भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया।
प्रमुख मंदिरों में रुद्राभिषेक, विशेष पूजा-अर्चना और रात्रि जागरण का आयोजन हुआ। मंदिरों को रंगीन रोशनी और पुष्प सज्जा से अलंकृत किया गया। भजन-कीर्तन और प्रसादी वितरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
शाम को महाकाल सेना मेवाड़ के तत्वावधान में भव्य शिव बारात निकाली गई, जिसकी शुरुआत कोठारिया महादेव मंदिर से हुई। बारात में अघोरी स्वरूप की आकर्षक झांकियां, नासिक ढोल की दमदार थाप, व्यायामशाला के रोमांचक प्रदर्शन और सरोवर आरती मुख्य आकर्षण रहे।
मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात के विशेष प्रबंध किए गए, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।