धारोद में सूना मकान बना निशाना, लाखों के जेवरात और नकदी चोरी सलूम्बर थाना क्षेत्र की घटना, पुलिस जांच में जुटी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। जिले के पुलिस थाना सलूम्बर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धारोद में अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम धारोद निवासी 55 वर्षीय केशरसिंह पिता रतनसिंह राजपूत ने पुलिस थाना सलूम्बर में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि 19 फरवरी 2026 को उनका भतीजा करणसिंह अपने साले की शादी में परिवार सहित मल्लाडा गया हुआ था। इसी दौरान रात में अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी और पेटी को खंगालते हुए कीमती जेवरात और नकदी चोरी कर ली। चोरी हुए सामान में लगभग सवा किलो की चांदी की मूर्ति, ढाई तोले की सोने की चैन, आधे तोले की सोने की अंगूठी, करीब 20 तोले के चांदी के तौड़ा, कानों की तीन जोड़ी मुर्कियां (करीब 1 तोला), 21 तोले की दो जोड़ी चांदी की पायल, 15 तोले की चांदी की चूड़ियां, पांव की बिछिया तथा 10 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
घटना की जानकारी 20 फरवरी की सुबह करीब 6:30 बजे तब हुई जब परिवार वापस घर पहुंचा और सामान अस्त-व्यस्त मिला। इसके बाद परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश की जा रही है तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

और पढ़ें

error: Content is protected !!