सलूंबर में स्कूल के पास दिखा लेपर्ड, पांच घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। जिले के झल्लारा थाना क्षेत्र के बड़ादौलपुरा (धावड़ा) गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक स्कूल से लगभग 100 मीटर की दूरी पर खेतों में लेपर्ड दिखाई दिया। सुबह के समय बच्चों और ग्रामीणों की आवाजाही के बीच जंगली जानवर के दिखने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब साढ़े पांच घंटे तक चले इस ऑपरेशन में वनकर्मियों ने सतर्कता के साथ क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया। ग्रामीणों को स्कूल और खेतों के आसपास जाने से रोका गया ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
ग्रामीण की सूझबूझ से मिला सहयोग
रेस्क्यू के दौरान एक स्थानीय ग्रामीण ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए खाट (चारपाई) की मदद से लेपर्ड को काबू करने में टीम की सहायता की। इसके बाद वन विभाग ने सावधानीपूर्वक उसे नियंत्रित कर पिंजरे में सुरक्षित किया।
वन अधिकारियों के अनुसार पकड़ा गया लेपर्ड मादा है। प्राथमिक जांच में वह स्वस्थ पाई गई।
सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क भेजा गया
रेस्क्यू के बाद मादा लेपर्ड को आगे की देखरेख और निगरानी के लिए उदयपुर स्थित सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क भेज दिया गया है। वहां वन्यजीव विशेषज्ञ उसकी स्वास्थ्य जांच और आवश्यक उपचार करेंगे।
घटना के चलते स्कूल प्रशासन ने बच्चों को सुरक्षित स्थान पर रखा और अभिभावकों को सूचना दी। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगली जानवर दिखने पर घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत सूचना दें और स्वयं पकड़ने या नजदीक जाने की कोशिश न करें।

और पढ़ें

error: Content is protected !!