रणजीतपुरा घटना पर उबाल, सलूम्बर में सौंपा गया ज्ञापन नाबालिग छात्रा की मौत से आक्रोश, त्वरित जांच और कठोर कार्रवाई की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। बीकानेर जिले के बज्जू थाना क्षेत्र स्थित रणजीतपुरा गांव में आठवीं कक्षा की एक 13 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु के मामले को लेकर प्रदेशभर में आक्रोश व्याप्त है। छात्रा 21 फरवरी को परीक्षा देने घर से निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। बाद में उसका शव रोही क्षेत्र में मिलने से क्षेत्र में शोक और रोष का माहौल बन गया।
घटना के विरोध में बज्जू क्षेत्र में पिछले कई दिनों से धरना-प्रदर्शन जारी है। इसी क्रम में सलूम्बर जिले के सेन समाज के प्रतिनिधियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष, त्वरित एवं पारदर्शी जांच की मांग की।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि इस घटना से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है और दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। ज्ञापन में फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
प्रमुख मांगें
सभी संबंधित आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई सुनिश्चित करना
पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी रोजगार
आर्थिक सहायता प्रदान करना
क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना
ज्ञापन सौंपने के दौरान सेन समाज विकास संस्था के पदाधिकारी एवं समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समयबद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रशासन की ओर से मामले की जांच जारी होने की जानकारी दी गई है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!