सलूंबर/डालगांव। जिले के डालगांव में देर रात अज्ञात चोरों ने पांच सूने मकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैला दी। बदमाशों ने मुख्य चौराहे के आसपास स्थित तीन मकानों सहित कुल पांच घरों को निशाना बनाया। चोरों ने मकानों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारियों व पेटियों को खंगाल डाला।
बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान बदमाशों ने कुछ घरों के दरवाजों की कुंडी बाहर से लगा दी, ताकि आसपास के लोगों को संदेह न हो। सुबह जब पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिली तो हड़कंप मच गया। घरों के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के लॉक टूटे हुए मिले।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में चोरी की आशंका जताई गई है, हालांकि कितनी नकदी और आभूषण चोरी हुए हैं, इसका आकलन किया जा रहा है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है तथा संदिग्धों की तलाश जारी है।
लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने शीघ्र खुलासा करने का आश्वासन दिया है।