फागोत्सव में श्याम भक्तों की उमड़ी आस्था, गुलाल-फूलों संग भजनों पर देर रात तक झूमता रहा सलूम्बर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। रंग पंचमी के पावन अवसर पर शहर में श्री श्याम परिवार की ओर से फागोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्याम भक्तों ने भाग लेकर बाबा के जयकारों के साथ भक्ति का रंग बिखेरा। श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम को गुलाल अर्पित कर होली खेली और पूरे माहौल को भक्ति और उल्लास से सराबोर कर दिया।
फागोत्सव के दौरान श्याम प्रेमी अपने परिवारों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। मंदिर परिसर में देर रात तक भजनों की गूंज सुनाई देती रही और श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए।
श्याम परिवार के मुकुल सोनी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी फागोत्सव में बड़ी संख्या में भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में उदयपुर से आईं भजन गायिका अंजलि और भजन गायक चिराग आचार्य ने अपने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया।
इस अवसर पर बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार किया गया। भक्तों ने गुलाल और फूलों के साथ होली खेलते हुए “हारे के सहारे बाबा श्याम हमारे” और “श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम” जैसे भजनों पर नृत्य कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। देर रात तक चले इस फागोत्सव में आस्था, संगीत और रंगों का अनूठा संगम देखने को मिला।

और पढ़ें

error: Content is protected !!