परसाद में युवक की चाकू मारकर हत्या के बाद दूसरे दिन भी विरोध, बाजार बंद; 9 संदिग्ध हिरासत में

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर जिले के परसाद थाना क्षेत्र में युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले को लेकर शनिवार को भी तनाव की स्थिति बनी रही। घटना के दूसरे दिन मृतक
के परिजनों और ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। दिनभर पुलिस और ग्रामीणों के बीच समझाइश और वार्ता का दौर चलता रहा, लेकिन देर शाम तक सहमति नहीं बन सकी।
शुक्रवार को परसाद थाना क्षेत्र में वन विभाग की नर्सरी के पास खरबर के नेरा फला निवासी प्रदीप (पुत्र कालूलाल) पर करीब 8 से 9 युवकों ने चाकुओं से हमला कर दिया था। हमले में प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए उदयपुर के एमबी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शनिवार सुबह से ही मृतक के परिजन, रिश्तेदार और आसपास के कई गांवों के ग्रामीण परसाद पहुंचने लगे। विरोध के चलते कस्बे में दिनभर बाजार बंद रहे और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित रहे। सुबह ग्रामीण बस स्टैंड पर जमा हुए और बाद में तलाई स्टेडियम में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में इससे पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं और कई मामलों का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। इसी कारण लोगों ने इस मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की।
स्थिति को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश यादव के निर्देशन में डीएसपी चांदमल सिंगारिया सहित सराड़ा, सेमारी, जावर माइंस और परसाद थानों की पुलिस मौके पर तैनात रही। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 9 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
आरोपियों की तलाश में पुलिस ने खरबर, परसाद, पिपली, देलवास और हाइलाकुई सहित करीब एक दर्जन गांवों में दबिश दी। इसके साथ ही आसपास के जंगल क्षेत्र में भी सर्च अभियान चलाया गया।
इधर ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो समाज स्तर पर आगे की रणनीति बनाई जाएगी। इसको लेकर रविवार को समाज की बैठक भी प्रस्तावित की गई है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!