सलूंबर। जिले में पहली बार आयोजित राज्य स्तरीय ‘पंच गौरव’ कबड्डी प्रतियोगिता का शनिवार शाम भव्य शुभारंभ हुआ।
दो दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की पुरुष और महिला टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बड़ा मंच प्रदान करना है।
प्रतियोगिता में जयपुर, नागौर, अजमेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़ और मेजबान सलूंबर सहित छह जिलों की टीमें मैदान में उतर रही हैं।
उद्घाटन अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
पुरुष वर्ग में कड़ी टक्कर पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता को दो पूल में विभाजित किया गया है।
पूल-ए में चित्तौड़गढ़, नागौर और जयपुर की टीमें शामिल हैं, जबकि पूल-बी में बूंदी, अजमेर और सलूंबर की टीमें मुकाबला करेंगी।
14 मार्च को शाम 4:30 बजे मैदान नंबर-1 पर पहला मुकाबला सलूंबर और बूंदी के बीच खेला गया।
इसके बाद चित्तौड़गढ़-नागौर, अजमेर-सलूंबर और नागौर-जयपुर के बीच मैच हुए।
15 मार्च की सुबह चित्तौड़गढ़ और जयपुर के बीच मैच खेला जाएगा, जबकि इसके बाद बूंदी और अजमेर की टीमें आमने-सामने होंगी। लीग मुकाबलों के बाद शाम 4 बजे और 5 बजे दो सेमीफाइनल मैच होंगे। हारने वाली टीमें तीसरे स्थान के लिए भिड़ेंगी और फाइनल मुकाबला 15 मार्च को शाम 7:30 बजे खेला जाएगा।
महिला वर्ग के मुकाबले भी रोमांचक
महिला वर्ग में भी प्रतियोगिता को दो पूल में बांटा गया है। पूल-ए में अजमेर, जयपुर और बूंदी की टीमें हैं, जबकि पूल-बी में चित्तौड़गढ़, नागौर और सलूंबर की टीमें शामिल हैं।
14 मार्च को मैदान नंबर-2 पर सलूंबर-चित्तौड़गढ़, जयपुर-बूंदी, चित्तौड़गढ़-नागौर और अजमेर-बूंदी के बीच मुकाबले खेले गए।
15 मार्च की सुबह अजमेर और जयपुर के बीच मैच होगा, जबकि सलूंबर और नागौर की टीमें भी आमने-सामने होंगी। इसके बाद शाम को सेमीफाइनल, तीसरे स्थान का मुकाबला और फाइनल खेला जाएगा। महिला वर्ग का फाइनल 15 मार्च को शाम 7 बजे मैदान नंबर-2 पर आयोजित होगा। खिलाड़ियों ने दिखाया जोश
प्रतियोगिता के उद्घाटन मैचों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मैदान में तेज रफ्तार रेड, मजबूत डिफेंस और बेहतरीन रणनीति ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। बड़ी संख्या में पहुंचे खेल प्रेमियों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने कहा कि ‘पंच गौरव’ के तहत आयोजित यह प्रतियोगिता ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर देगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करेंगे।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के दौरान प्रदेश की टीमें खिताब जीतने के लिए जोरदार संघर्ष करेंगी और दर्शकों को कबड्डी के कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।