सलूंबर। जिले के थाना क्षेत्र में मां-बेटी की मौत का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां दोनों ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन कर जीवन समाप्त कर लिया। घटना के बाद इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
पुलिस के अनुसार करीब 40 वर्षीय महिला और उसकी 17 वर्षीय बेटी ने शुक्रवार रात परिवार के साथ भोजन किया था। भोजन के बाद दोनों एक ही कमरे में सोने चली गईं, जबकि पति घर के बरामदे में सो रहा था।
देर रात करीब 1 बजे कमरे से उल्टी की आवाजें आने पर पति की नींद खुली। उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका में उसने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा, जहां दोनों मां-बेटी अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं।
परिजन तुरंत दोनों को सलूंबर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही तड़के करीब 3 बजे मां ने दम तोड़ दिया, जबकि बेटी ने शनिवार दोपहर इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। प्रारंभिक जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। मृतका के पति ने मामले की जांच की मांग करते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटी है।