सलूम्बर। जिले में बढ़ती मोबाइल गुमशुदगी की घटनाओं के बीच सलूम्बर पुलिस ने बेहतरीन काम करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर करीब 8 लाख रुपए कीमत के 62 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए और उन्हें उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिया।
यह पूरी कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक विश्नाराम (IPS) के नेतृत्व में की गई, जिसमें साइबर टीम की अहम भूमिका रही। टीम ने आधुनिक तकनीकी साधनों और लगातार निगरानी के जरिए मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें सफलतापूर्वक रिकवर किया।
पुलिस आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025-26 में अब तक जिले में गुम हुए 348 मोबाइल फोन में से 310 मोबाइल बरामद कर लिए गए हैं। यह उपलब्धि पुलिस की सक्रियता और साइबर अपराधों के प्रति उसकी गंभीरता को दर्शाती है।
बरामद किए गए सभी मोबाइल आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद संबंधित मालिकों को सौंपे गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई और उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।