गिंगला क्षेत्र में कांग्रेस का जोरदार अभियान: “संगठन बढ़ाओ–लोकतंत्र बचाओ” के तहत गांव-गांव पहुंची टीम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर चल रहे “संगठन सृजन अभियान” और “संगठन बढ़ाओ–लोकतंत्र बचाओ” कार्यक्रम के तहत जिले में कांग्रेस संगठन को मजबूती देने के लिए गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परमानन्द मेहता के मार्गदर्शन में गिंगला पंचायत समिति क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर जनसंवाद किया और सभाएं आयोजित की।
अभियान के तहत समन्वयक दिनेश कुमार जैन एडवोकेट, वीरेंद्र कुमार पटेल एडवोकेट, भंवरलाल नागदा, नंगाराम मीणा (सरपंच), पूजालाल पटेल सहित कई कार्यकर्ताओं ने प्रतापपुरा और कडुनी पंचायतों में बैठकें लीं, जबकि काँट पंचायत का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
सभाओं को संबोधित करते हुए समन्वयक दिनेश जैन ने राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पंचायती राज चुनावों में देरी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव टालने से आमजन के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं और स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधित्व कमजोर पड़ रहा है।
वहीं, भंवरलाल नागदा ने अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए जमीनी स्तर पर सक्रियता जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की अपील की। पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार पटेल ने भी कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि पार्टी की विचारधारा को हर गांव और हर घर तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।
अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का संदेश देते हुए संगठन विस्तार और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!