सलूम्बर, 8 अप्रैल। जिले के लसाड़िया ब्लॉक अंतर्गत घाटा और लालपुरिया ग्राम पंचायत क्षेत्रों में संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सक्रिय पहल करते हुए फॉगिंग अभियान तेज कर दिया है।
अभियान के तहत स्वास्थ्य टीमों ने गांवों में घर-घर पहुंचकर दवा का छिड़काव किया, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेन्द्र परमार के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसे मच्छरजनित रोगों पर नियंत्रण पाना है।
विभाग के अनुसार बदलते मौसम और जगह-जगह जलभराव के कारण मच्छरों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है, जिसे देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
फॉगिंग के साथ-साथ एंटी-लार्वा गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं, ताकि मच्छरों के पनपने की प्रक्रिया को शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सके। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने, कूलर और टंकियों की नियमित सफाई करने तथा मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि लोग सतर्कता और साफ-सफाई बनाए रखेंगे तो क्षेत्र में बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। अभियान के चलते क्षेत्र में स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर सकारात्मक माहौल बनता नजर आ रहा है।