सलूम्बर, 9 अप्रैल। लसाडिया ब्लॉक में बच्चों की मौत के बाद फैली चिंता के बीच राहत की खबर सामने आई है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पिछले 24 घंटों में कोई नया मरीज सामने नहीं आया है। विभागीय टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बनाए हुए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेन्द्र परमार ने बताया कि घाटा ग्राम पंचायत और लालपुरा क्षेत्र में अज्ञात बीमारी के चलते 5 बच्चों की मौत के मामले सामने आए थे। घटनाओं के तुरंत बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने सक्रियता दिखाते हुए मेडिकल टीमों को मौके पर तैनात कर दिया और व्यापक स्तर पर जांच व सर्वे शुरू किया गया।
उन्होंने बताया कि 7 अप्रैल को हुई दो बच्चों की मौत की जांच में अन्य बीमारियों की पुष्टि हुई है। वहीं 8 अप्रैल को झल्लारा क्षेत्र से एक गंभीर बच्चे को सीएचसी लाया गया, जिसमें डायबिटिक कीटोएसिडोसिस (DKA) के लक्षण संदिग्ध पाए गए। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को जिला चिकित्सालय सलूम्बर और फिर बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया।पॉप
वर्तमान में एडिशनल डायरेक्टर डॉ. प्रवीण असवाल और सीएमएचओ स्वयं सीएचसी घाटा में मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांवों में घर-घर सर्वे, सैंपलिंग और स्वास्थ्य जांच कर रही हैं, साथ ही आमजन को जागरूक भी किया जा रहा है।सतर्कता के साथ अपील
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों में बुखार, उल्टी, ऐंठन या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। समय पर इलाज से गंभीर स्थिति से बचाव संभव है। विभाग ने यह भी कहा है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।
प्रशासन और चिकित्सा विभाग की सक्रियता के चलते क्षेत्र में हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी और जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है।