सलूम्बर झल्लारा क्षेत्र के भबराना गांव में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब 50 से 60 बच्चों से भरी एक स्कूल बस सोम नदी के अस्थाई बाईपास मार्ग पर पानी के तेज बहाव के बीच फंस गई। समय रहते ग्रामीणों की सतर्कता और साहसिक प्रयासों से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भबराना से आसपुर की ओर जा रही स्कूल बस जैसे ही सोम नदी के अस्थाई बाईपास से गुजर रही थी, अचानक तेज बहाव और जलस्तर बढ़ने के कारण बस बीच रास्ते में धंस गई। बस में सवार बच्चों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक की सूझबूझ से बस संतुलित रही और पलटने से बच गई।
गौरतलब है कि सोम नदी पर स्थित भबराना पुल पिछले मानसून में क्षतिग्रस्त हो गया था और वर्तमान में उसका निर्माण कार्य जारी है। आवागमन बनाए रखने के लिए पुल से करीब 60 फीट दूरी पर अस्थाई बाईपास मार्ग तैयार किया गया है। लेकिन बीते कुछ दिनों से नदी में पानी की आवक बढ़ने के कारण यह मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए एक-एक कर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई।
इधर, ग्रामीणों ने प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि नदी का जलस्तर बढ़ने के बावजूद बाईपास मार्ग पर न तो चेतावनी संकेत लगाए गए और न ही सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम किए गए। निर्माणाधीन पुल के चलते लोगों को इसी खतरनाक मार्ग से गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है।
यदि समय रहते ग्रामीण मदद के लिए नहीं पहुंचते, तो यह घटना गंभीर हादसे में तब्दील हो सकती थी।