सलूम्बर। जिले में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर रोक लगाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत सेरिया में जाजम बैठक आयोजित कर ग्रामीणों को जागरूक किया गया, जहां बाल विवाह के खिलाफ सख्ती का संदेश दिया गया।
बैठक का संचालन साथीन रेखा ताजावत द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं, बालिकाओं एवं ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए बताया कि कम उम्र में शादी करने से बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर गहरा नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
कार्यक्रम के दौरान सरकार द्वारा चलाए जा रहे बाल विवाह रोकथाम अभियान की जानकारी दी गई और सभी को शपथ दिलाई गई कि वे न तो बाल विवाह करेंगे और न ही अपने आसपास होने देंगे। ग्रामीणों ने भी इस सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया।
साथीन रेखा ताजावत ने कहा कि बाल विवाह रोकना हम सभी की जिम्मेदारी है और इसके लिए समाज के हर वर्ग को जागरूक होकर आगे आना होगा। उन्होंने अपील की कि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
जाजम बैठक के माध्यम से सेरिया पंचायत में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता की नई अलख जगी है, जिससे क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।