सलूंबर धारोद गर्मियों के बढ़ते प्रकोप के बीच जहां इंसान ही नहीं बल्कि पक्षियों के लिए भी पानी का संकट गहराने लगता है, वहीं सामाजिक सरोकार निभाते हुए पूर्ण प्रगति सेवा संस्थान ने सराहनीय पहल की।

संस्थान की ओर से धारोद क्षेत्र के विभिन्न स्थानों हनुमान मंदिर धारोद, अम्लोदा, वीरवा तथा मार्बल माइंस बरोड़ा में जगह-जगह परिंडे बांधकर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था की गई।
इस अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने पेड़ों और सार्वजनिक स्थलों पर परिंडे स्थापित किए, ताकि भीषण गर्मी में पक्षियों को राहत मिल सके। उपस्थित जनों ने बताया कि हर वर्ष गर्मियों में हजारों पक्षी पानी के अभाव में परेशान होते हैं, ऐसे में यह छोटा प्रयास उनके जीवन के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।










