सलूम्बर जिले के भबराना क्षेत्र में सोम नदी पर बना पुल बारिश के बाद क्षतिग्रस्त होकर पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे हजारों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। यह पुल डूंगरपुर, आसपुर और धरियावद को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, ऐसे में इसके बंद होने से आवागमन के साथ-साथ व्यापार, शिक्षा और सामाजिक गतिविधियां भी बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं।
सुरक्षा कारणों को देखते हुए प्रशासन ने पुल पर आवाजाही पूर्णतः रोक दी है। हालांकि, विभाग द्वारा पुल के पुनर्निर्माण के लिए ठेका प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, लेकिन अब तक वैकल्पिक मार्ग (बायपास) की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इसके चलते ग्रामीणों को कई किलोमीटर लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।
व्यापार और शिक्षा पर असर
पुल बंद होने से व्यापारियों को माल लाने-ले जाने में अतिरिक्त समय और खर्च का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज पहुंचने में भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। सामाजिक और आवश्यक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
सोमवार को पुल स्थल पर भबराना, आसपुर, करवाखास सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और मीडिया प्रतिनिधि एकत्रित हुए। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से जल्द अस्थायी बायपास निर्माण और पुल के पुनर्निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने की मांग की।
इस दौरान करण सिंह वाडाकुंडली, प्रशासक केशव लाल मीणा, उपसरपंच जसवंत सिंह चौहान, रामसिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश जैन, तेज सिंह राठौड़, रामसिंह चौहान सहित कई ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।
बरसात में बढ़ेगा संकट
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द बायपास नहीं बनाया गया तो आगामी बारिश में स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।