गलत दिशा की कार बनी खतरा, सलूंबर बाईपास पर महुआ से भरा ट्रक पलटा—ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। उदयपुर-बांसवाड़ा मेगा हाईवे पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सलूंबर बाईपास रोड पर वेशमा गांव के समीप महुआ से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि इस हादसे में ट्रक चालक सुरक्षित बच निकला और कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक अपनी निर्धारित दिशा में आगे बढ़ रहा था, तभी सामने से एक कार गलत साइड में तेज गति से आती दिखाई दी। आमने-सामने टक्कर से बचने के लिए ट्रक चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को किनारे करने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से ट्रक सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
ट्रक पलटने से महुआ सड़क पर बिखर गया, जिससे यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
इस घटना ने एक बार फिर से सड़क पर लापरवाही और गलत दिशा में वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। प्रशासन ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

और पढ़ें

error: Content is protected !!