सेमारी थाना क्षेत्र स्थित कुण्डा रेलवे स्टेशन के पास रविवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। यहाँ ट्रेन की चपेट में आने से 5ये1 वर्षीय एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
सेमारी थाना एएसआई हिम्मत सिंह ने बताया कि भगवान लाल पिता सोमा मीणा निवासी पिपला फला धनकावाड़ा की रविवार शाम को ट्रेन दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक के पुत्र संजय मीणा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनके पिता रविवार शाम करीब 4 बजे घर से निकले थे। जब वे देर रात तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी बीच सूचना मिली कि कुण्डा रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से टकराने के कारण उनकी मृत्यु हो गई है। यह हादसा उस समय हुआ जब असारवा से सेमारी की ओर आ रही असारवा-इंदौर ट्रेन की चपेट में भगवान लाल आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही उपसरपंच शंकर लाल और परिवार के अन्य लोग सेमारी अस्पताल पहुंचे। जहां पुलिस ने सोमवार सुबह शव का पंचनामा बनाकर और पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।