सलूंबर। जिले की ग्राम पंचायत बामणिया में स्थित मेघवाल बस्ती में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और बाबा साहेब को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर बस्ती में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल रहा। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद युवाओं और महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन एवं जागरूकता गीतों का आयोजन किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों की प्राप्ति संभव है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, वहीं युवाओं ने रैली निकालकर ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो’ का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम में ‘जय भीम’ के नारों से वातावरण गूंज उठा।
अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सामाजिक एकता, शिक्षा के प्रसार और कुरीतियों को समाप्त करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रसादी वितरण के साथ हुआ।