सलूंबर।जिले में आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए मंगलवार को सख्त कार्रवाई की। ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लसाड़िया, लोदा और अग्गड़ क्षेत्र में ताबड़तोड़ निरीक्षण कर मिलावटखोरों की पोल खोल दी।
निरीक्षण के दौरान टीम को कई स्थानों पर भारी अनियमितताएं मिलीं। कार्रवाई करते हुए करीब 2000 खराब और संदिग्ध कुल्फियों को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। इसके साथ ही लगभग 15 किलो सड़ा हुआ मावा भी जब्त कर नष्ट किया गया, जो उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक था।
टीम ने विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों से 5 अलग-अलग मिठाइयों के नमूने भी लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मिलावटखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और आमजन ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम बताया है।