बिना लाइसेंस ‘इलाज का खेल’ बंद: सलूंबर में अवैध क्लीनिक सील, एक्स-रे मशीन जब्त, संचालक पर मामला दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। जिले में अवैध रूप से संचालित हो रहे चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. के निर्देश पर गठित टीम ने बाइपास रोड स्थित जयंत हॉस्पिटल एवं एक्स-रे लैब पर छापा मारकर क्लीनिक को सीज कर दिया।
जांच के दौरान सामने आया कि अस्पताल बिना आवश्यक लाइसेंस और मान्यता के संचालित किया जा रहा था। टीम ने मौके पर ही एक्स-रे मशीन को जब्त कर लिया, वहीं दस्तावेजों की जांच में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। नियमों की खुलेआम अनदेखी करते हुए मरीजों का उपचार किया जा रहा था, जिससे आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा था।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मौके पर मौजूद रिकॉर्ड को खंगालते हुए संचालक के खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज किया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध क्लीनिकों और बिना अनुमति संचालित हो रहे अस्पतालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन से भी अपील की गई है कि उपचार के लिए केवल अधिकृत और पंजीकृत चिकित्सा संस्थानों का ही चयन करें, ताकि किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी जोखिम से बचा जा सके

और पढ़ें

error: Content is protected !!