सलूम्बर। शहर को स्वच्छ और हरित बनाने के उद्देश्य से पर्यावरण टीम सलूम्बर द्वारा चलाया जा रहा “क्लीन सलूम्बर–ग्रीन सलूम्बर” अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। इस अभियान के तहत प्रत्येक शनिवार सुबह एक घंटे का श्रमदान कर शहर के विभिन्न स्थानों पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। खास बात यह है कि इस पहल में युवा और वरिष्ठजन मिलकर भागीदारी निभा रहे हैं।
इस सप्ताह टीम ने श्मशान घाट क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया, जहां लंबे समय से जमा कचरे और गंदगी को हटाकर परिसर को स्वच्छ बनाया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले यहां नियमित सफाई के लिए कर्मचारी नियुक्त था, जिससे व्यवस्था सुचारू रहती थी, लेकिन कर्मचारियों के हटने के बाद सफाई व्यवस्था चरमरा गई। श्मशान घाट के पास स्थित शिव प्रतिमा के समीप बने कुंड की हालत भी बेहद खराब हो चुकी है। कई महीनों से पानी नहीं बदले जाने के कारण वहां दुर्गंध फैल रही है, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर को प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ बनाना है। उल्लेखनीय है कि उदयपुर से सेवानिवृत्त विकास अधिकारी भंवरलाल बुनकर भी हर शनिवार यहां पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण और जल बचाव के संदेश के साथ श्रमदान कर रहे हैं, जो अन्य लोगों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।
इसी क्रम में शहर के एकमात्र सेरिग तालाब के घाटों की स्थिति सुधारने के लिए भी टीम लगातार प्रयासरत है। सफाई कार्यों के चलते घाटों की सूरत में सुधार नजर आने लगा है, लेकिन तालाब में नाले का गंदा पानी गिरने से प्रदूषण की समस्या अब भी बनी हुई है। इस गंभीर मुद्दे को लेकर टीम ने स्थानीय विधायक से मुलाकात कर नाले का रुख बदलने की मांग भी रखी है।
अभियान के दौरान महेश कुमार आमेटा, विमल कुमार भट्ट, पहलाद पटेल, राकेश प्रजापत, शिवानंद पुरोहित, रामचंद्र सालवी, विष्णु सोनी और शंकर लाल भोई सहित कई सदस्य सक्रिय रूप से मौजूद रहे।