माकड़सीमा में ग्राम रथ की दस्तक: एसडीएम ने चौपाल में सुनी आवाजें, जेजेएम कार्यों में तेजी के सख्त निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर जिले के माकड़सीमा गांव में शुक्रवार को प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी ‘ग्राम-2026 अभियान’ के तहत ग्राम रथ पहुंचा, जहां प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान उपखंड अधिकारी (एसडीएम) जगदीश चंद्र बामणिया ने संध्या चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
चौपाल में ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। एसडीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि आमजन से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर समस्या का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल और रोचक तरीके से ग्रामीणों तक पहुंचाई। गीत-संगीत और नाट्य प्रस्तुति के जरिए लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया, जिससे ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
विशेष रूप से जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए एसडीएम बामणिया ने अधिकारियों को गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने प्रशासनिक पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि ग्राम रथ अभियान से गांवों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!