सलूंबर के शेषपुर में बड़ी वारदात: सूने मकानों को बनाया निशाना, लाखों का माल पार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर जिले के झल्लारा थाना क्षेत्र के शेषपुर कस्बे में बीती रात चोरी की बड़ी घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। अज्ञात चोरों ने सुनसान पड़े मकानों को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी सहित लाखों रुपये का सामान पार कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरों ने एक घर से करीब 36 तोला सोना, चांदी के जेवर और लगभग 2 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। इतना ही नहीं, इसी दौरान आसपास के दो अन्य मकानों के ताले भी तोड़ दिए गए, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया।
सुबह जब मकान मालिकों को घटना का पता चला तो पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही झल्लारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त की कमी के चलते चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!