11 मई को विशाल भजन संध्या, 12 मई को प्राण प्रतिष्ठा: रनेला में जुटेंगे संत-महंत और जनप्रतिनिधि

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। जिले के रनेला गांव स्थित श्री कृष्णा कल्याण मुख्य शक्तिपीठ में 10 से 12 मई 2026 तक त्रिदिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक महोत्सव के तहत श्री श्री 1008 शेषावतार कल्लाजी राठौड़, नागणेच्या माताजी एवं अम्बाजी के नव कुण्डीय शतचंडी रुद्र महायज्ञ के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न होंगे।
महोत्सव की शुरुआत 10 मई को हेमाद्री श्रवण, प्रायश्चित कर्म, मण्डप प्रवेश और शतचंडी पाठ के साथ होगी।
11 मई को प्रातः 7 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसके बाद हवन, मंडप वास्तु पूजन, जलाधारी वास, श्याम पूजन एवं आरती का आयोजन होगा। इसी दिन शाम को विशाल भजन संध्या आयोजित की जाएगी, जिसका लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकार कमलेश राव प्रस्तुति देंगे, वहीं साउंड व्यवस्था माँ हिंगलाज साउंड उदयपुर द्वारा की जाएगी।
12 मई को प्रातः पूजन, हवन, पिंडीका पूजन, मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य कार्यक्रम दोपहर 12:26 बजे संपन्न होगा। इसके बाद पूर्णाहुति सायं 4:16 बजे होगी तथा महाआरती व महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश के कई जनप्रतिनिधि एवं संत-महंतों की उपस्थिति रहेगी। 11 मई को राजस्व मंत्री हेमन्त मीणा, जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, सांसद मन्नालाल रावत, विधायक शांता देवी मीणा सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे। वहीं 12 मई को मेवाड़ के डॉ. लक्ष्यराज सिंह, पूर्व मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीया, विधायक दयाराम परमार सहित अन्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे।
महोत्सव में आचार्य सागर जोशी (धाना, डूंगरपुर) के सान्निध्य में धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न होंगे। साथ ही अच्युतानन्द महाराज (बेणेश्वर धाम), अवधेशानन्द महाराज (सूरजकुंड), खुशाल भारती महाराज सहित कई संत-महंतों का सान्निध्य प्राप्त होगा।
महाप्रसाद का आयोजन 11 और 12 मई को स्वर्गीय हेमलता बेन की स्मृति में गजेन्द्र पटेल एवं भक्त मंडल नैत्रम (गुजरात) द्वारा रखा गया है। आयोजन को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम के संयोजक राजेन्द्र सालवी, शान्तिलाल सालवी एवं बी.एल. रेगर सहित समस्त ग्रामवासी तैयारियों में जुटे हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में भाग लेने का आग्रह किया है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!