रनेला में भक्ति और आस्था का महासंगम कल्लाजी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब, मंत्री बाबूलाल खराड़ी व डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ रहे मौजूद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। रनेला स्थित लोक देवता श्री श्री 1008 कल्लाजी बावसी मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव मंगलवार को धार्मिक उल्लास, वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिमय माहौल के बीच संपन्न हुआ। महोत्सव में राजस्थान सहित आसपास के कई जिलों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे और मंदिर परिसर जयकारों व भक्ति रस से सराबोर नजर आया।
महोत्सव के अंतिम दिन विधि-विधान एवं वैदिक रीति से मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न कराई गई। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के जनजाति क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग के मंत्री बाबूलाल खराड़ी एवं मेवाड़ राजघराने के श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में पहुंचे। दोनों अतिथियों ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नानालाल अहारी, अमृतलाल डामोर, रघुवीर सिंह मीणा, महेन्द्रजीत सिंह मालवीया, परमानन्द मेहता, प्रद्युम्न कोड़िया एवं नानूराम मीणा सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया तथा आयोजन समिति द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
तीन दिनों तक चले धार्मिक आयोजन में कलश यात्रा, विशेष पूजा-अर्चना, हवन, भजन संध्या एवं महाप्रसादी जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। देर रात तक चले भजन संध्या कार्यक्रम में श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से भव्य रूप दिया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

महोत्सव को सफल बनाने में गांव के युवाओं, महिलाओं एवं समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, भोजन, बैठने एवं सुरक्षा की विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। समापन अवसर पर मंदिर समिति ने सभी भामाशाहों, अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

रिपोर्टर हितेश सुथार

और पढ़ें

error: Content is protected !!