नीट पेपर लीक: सलूंबर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के आह्वान पर आज सलूंबर में नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला। जिला कांग्रेस कमेटी और नगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की।
​विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष परमानंद मेहता ने केंद्र सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में हुई धांधली ने देश के 23 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। उन्होंने शिक्षा मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि इतनी बड़ी लापरवाही के बावजूद केंद्र सरकार मूकदर्शक बनी हुई है, जिससे स्पष्ट होता है कि उसे युवाओं के भविष्य की कोई चिंता नहीं है। मेहता ने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानून बनाया जाए।
​कस्बे के मुख्य बाजार में एकत्र हुए कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर “केंद्रीय शिक्षा मंत्री मुर्दाबाद” और “मोदी सरकार मुर्दाबाद” के नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं का आक्रोश चरम पर था, जिन्होंने शिक्षा मंत्री का पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। वक्ताओं ने कहा कि बेरोजगारी की मार झेल रहे युवाओं के साथ यह खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
​इस विशाल विरोध प्रदर्शन में संगठन महासचिव गणेश मेहता, जिला उपाध्यक्ष कन्हैयालाल मेहता, रूपलाल सालवी, कोषाध्यक्ष प्रद्युम्न कोडिया और महासचिव अब्दुल रऊफ खान सहित भारी संख्या में वरिष्ठ नेता शामिल हुए। साथ ही लालसिंह मीणा, सचिव नसीम बानो, भंवर सिंह चुण्डावत, गौतमलाल मीणा, रामलाल मीणा, किशन सिंह चुण्डावत, नारायण भोई और जिला प्रवक्ता गजेंद्र मेहता ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
​आंदोलन में प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग सचिव हबीबूर्रहमान, ब्लॉक अध्यक्ष महेन्द्र सिंह चौहान, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मजीद बेग मिर्ज़ा, खेल प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष इरशाद बबलू खान, नरेंद्र जैन, पूर्व नगर अध्यक्ष लक्ष्मीकांत शर्मा और आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक मीणा ने भी केंद्र की नीतियों की आलोचना की। इसके अलावा एनएसयूआई जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह राठौड़, देवीलाल मीना घाटी, मोहम्मद खान, निवर्तमान प्रधान धूलिराम मीणा, शिव किकोड़, रामभरोसे पुरोहित, एसटी मोर्चा ब्लॉक अध्यक्ष धनपाल मीणा, खेल प्रकोष्ठ ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, एससी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष नाथूलाल सालवी, मोहन सेवक शेंषपुर और फ़िरोज़ मंसूरी , मोहनलाल गुड, सलूंबर sc ब्लॉक अध्यक्ष किशन मेघवाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता इस विरोध प्रदर्शन के साक्षी बने।
​जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कपिल मेहता ने बताया कि कांग्रेस पार्टी छात्र हितों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी और जब तक परीक्षार्थियों को न्याय नहीं मिल जाता, आंदोलन जारी रहेगा।

रिपोर्टर नाथू लाल सालवी

और पढ़ें

error: Content is protected !!