सलुम्बर जिले में घाटी मोहल्ले सहित कई इलाकों में लाइन ट्रिपिंग से जनजीवन प्रभावित
सलूंबर। शहर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और बार-बार लाइन ट्रिपिंग की समस्या को लेकर महिलाओं का आक्रोश बुधवार को खुलकर सामने आया। घाटी मोहल्ले सहित शहर के कई क्षेत्रों की महिलाओं ने जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं के साथ अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
महिलाओं ने बताया कि पिछले पांच से सात दिनों से शहर के विभिन्न मोहल्लों में दिन और रात के समय अचानक बिजली गुल हो रही है। कई बार कुछ ही मिनटों के अंतराल में बार-बार बिजली बंद होने से घरेलू कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार लाइन ट्रिपिंग होने से विद्युत उपकरण खराब होने का भी खतरा बना हुआ है। महिलाओं ने कहा कि बिना पूर्व सूचना बिजली कटौती होने से आमजन की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि शहर की बिजली व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त किया जाए और अघोषित कटौती पर रोक लगाई जाए। साथ ही खराब लाइनों और तकनीकी खामियों को तुरंत सुधारने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए जाएं।
एडीएम ने प्रतिनिधिमंडल को समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।