सलूंबर। शहर और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को योग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयुर्वेद विभाग ने जिला प्रशासन के सहयोग से नई पहल शुरू की है। “हेल्थ एंड वेलनेस बाय योगा” अभियान के तहत अब प्रत्येक गुरुवार को सलूंबर के सेरिंग तालाब की पाल और जयसमंद की पाल पर नियमित योग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
आयुर्वेद विभाग से जुड़े अधिकारियों के अनुसार यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के साथ-साथ योग को दैनिक जीवन से जोड़ने की सोच के तहत शुरू किया गया है। “योग फॉर सेल्फ एंड फैमिली, योग@365 डेज” थीम पर आधारित इस अभियान का मकसद लोगों को शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के तहत हर गुरुवार सुबह 7 से 8 बजे तक प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों की देखरेख में योगासन, प्राणायाम और स्वास्थ्य संवर्धन संबंधी गतिविधियां कराई जाएंगी। प्राकृतिक वातावरण में होने वाले इन सत्रों से आमजन को तनावमुक्त और स्वस्थ जीवन की दिशा में प्रेरणा मिलेगी।
आयुर्वेद विभाग के डॉ. जितेंद्र जोशी ने बताया कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ें और नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
जिला प्रशासन और आयुर्वेद विभाग ने क्षेत्रवासियों से योग शिविरों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक योग अभ्यास से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार होगा।