एबीवीपी का दो दिवसीय नगर अभ्यास वर्ग संपन्न, नई कार्यकारिणी घोषित छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति बनाने का लिया संकल्प, झल्लारा व सलूंबर इकाइयों को मिला नया नेतृत्व

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) सलूंबर जिले के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय विशेष नगर अभ्यास वर्ग का समापन प्रताप चौराहा स्थित विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में राष्ट्रवादी ऊर्जा और संगठनात्मक संकल्प के साथ हुआ। अभ्यास वर्ग में सलूंबर एवं झल्लारा नगर के सैकड़ों छात्र कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर परिषद की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यपद्धति और छात्र हितों को लेकर गहन मंथन किया।
दो दिनों तक चले इस प्रशिक्षण वर्ग में विद्यार्थी परिषद के प्रांत सह मंत्री पुष्पेंद्र सिंह का विशेष मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को प्राप्त हुआ। अभ्यास वर्ग का उद्देश्य आगामी शैक्षणिक सत्र में छात्र शक्ति को संगठित कर राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान तीन प्रमुख सत्र आयोजित किए गए। प्रथम प्रस्ताविक सत्र में अतिथियों ने भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर एबीवीपी सलूंबर जिला प्रमुख डॉ. महेंद्र सिंह ने परिषद के इतिहास, छात्र जीवन के महत्व और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
दूसरे सत्र ‘मेरा दायित्व, मेरी भूमिका’ में प्रांत सह मंत्री पुष्पेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि परिषद में दायित्व केवल पद नहीं बल्कि समाज और छात्र शक्ति की सेवा का माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के प्रति निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
अभ्यास वर्ग के समापन सत्र में संगठनात्मक विस्तार के तहत नई नगर कार्यकारिणियों की घोषणा की गई। जिला प्रमुख डॉ. महेंद्र सिंह ने झल्लारा नगर इकाई में रोहित लोहार को नगर अध्यक्ष तथा निखिल भट्ट को नगर मंत्री घोषित किया। वहीं सलूंबर नगर इकाई में डॉ. मनीष श्रीमाली को नगर अध्यक्ष, प्रद्युम्न सिंह को नगर मंत्री तथा गौरव भोई, तनीषा टेलर, लक्षिता गर्ग, हितेश साल्वी और सागर मेहता को नगर सह मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
समापन अवसर पर जिला संयोजक केहित सेवक ने आगामी दिनों में छात्र हित, सामाजिक जागरूकता और रचनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि परिषद का उद्देश्य छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति के रूप में संगठित करना है और इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा छात्र हितों के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत एवं वंदे मातरम् के जयघोष के साथ हुआ।

और पढ़ें

error: Content is protected !!