सलूंबर। जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से चलाए जा रहे राज्य सरकार के विशेष अभियान ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पिछले चार माह के दौरान विभाग द्वारा लिए गए 82 खाद्य सैंपलों में से 30 नमूने जांच में असुरक्षित और अमानक पाए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर तत्काल रोक लगाते हुए कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए हैं।
गर्मी के मौसम को देखते हुए विभाग की टीमों ने शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी मिठाई, डेयरी उत्पाद, मसाले, तेल, शीतल पेय और अन्य खाद्य सामग्री बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर लगातार निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान कई दुकानों पर गुणवत्ता मानकों की अनदेखी सामने आई, जिसके बाद सैंपल लैब में भेजे गए थे।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट में कई नमूनों में गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन पाया गया। कुछ नमूने मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक श्रेणी में भी पाए गए हैं। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को चेतावनी देते हुए नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। आगामी दिनों में भी जिलेभर में यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय गुणवत्ता और पैकिंग पर विशेष ध्यान दें तथा किसी भी प्रकार की मिलावट या संदिग्ध सामग्री की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।