सलूम्बर जिले में गर्मी के बढ़ते तापमान के साथ बिजली और पानी की समस्या ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लगातार अघोषित बिजली कटौती होने से आमजन परेशान हैं। कई गांवों में दिनभर बिजली की आंखमिचौली जारी रहने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।
बिजली संकट के चलते ट्यूबवेल बंद पड़े हैं, जिससे लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। पशुओं को भी स्वच्छ पानी नहीं मिल पा रहा और कई जगह उन्हें नदी-नालों का गंदा पानी पीना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन और विद्युत विभाग गंभीर नजर नहीं आ रहा।
दूसरी ओर पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और गैस सिलेंडर की महंगाई ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में गैस की अनियमित आपूर्ति के कारण लोग फिर से लकड़ी और कोयले के चूल्हों की ओर लौट रहे हैं। इससे पर्यावरण प्रदूषण के साथ महिलाओं को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जनता ने सरकार से तुरंत राहत देने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।