झल्लारा। प्रदेशभर में बढ़ती जनसमस्याओं और युवाओं के मुद्दों को लेकर कांग्रेस अब खुलकर सड़क पर उतरने जा रही है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लसाड़िया-झल्लारा की ओर से शुक्रवार को झल्लारा तहसील कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में युवाओं के भविष्य से हुए खिलवाड़ तथा क्षेत्र में लगातार जारी अघोषित बिजली कटौती को लेकर राज्य सरकार के समक्ष विरोध दर्ज कराया जाएगा। प्रदर्शन के बाद उपखंड अधिकारी झल्लारा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि इन दोनों मुद्दों को लेकर आमजन और विद्यार्थियों में भारी नाराजगी है। भीषण गर्मी में बार-बार हो रही बिजली कटौती से ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में पेयजल संकट के साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। वहीं नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण ने मेहनत करने वाले विद्यार्थियों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कार्यकर्ताओं और आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम शुक्रवार सुबह 10 बजे तहसील कार्यालय झल्लारा में आयोजित होगा।