झल्लारा। क्षेत्र के भबराणा गांव के मंडीवाड़ा मोहल्ले में करंट की चपेट में आने से एक ज्ञाबन भैंस की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही भाजपा मंडल महामंत्री महेंद्र सिंह गोपावत तुरंत मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों से उचित मुआवजे की मांग की।
सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
जानकारी के अनुसार, भबराणा निवासी हुरज कुंवर पत्नी गौतम सिंह रोज की तरह अपनी भैंसों को लेकर खेत पर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में बिजली के एक पोल के सपोर्टिंग वायर (ताण) में अचानक करंट आ गया। जैसे ही एक भैंस का शरीर उस ताण से छुुआ, वह जोर से छटपटाने लगी और देखते ही देखते मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हालांकि, हुरज कुंवर ने भारी सूझबूझ और समझदारी दिखाते हुए बाकी भैंसों को तुरंत वहां से दूर भगाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और अन्य मवेशियों की जान बच गई।
मौके पर पहुंचे अधिकारी, कार्रवाई शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही भाजपा मंडल महामंत्री महेंद्र सिंह गोपावत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तुरंत विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता लक्ष्मण भाट को मौके पर बुलाया। इसके साथ ही झल्लारा थाने से चौकी प्रभारी asi पूंजी लाल मीणा पुलिस जाब्ते के साथ पहुंचे। वहीं पशुपालन विभाग से पशु चिकित्सक डॉ. रोहित मीणा और भबराणा चिकित्सा इंचार्ज जयंतीलाल मीणा ने मौके पर पहुंचकर मृत भैंस का पोस्टमार्टम व अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं।
”किसानों के साथ खड़ी है सरकार, जल्द मिले मुआवजा”
मौके पर पहुंचे कनिष्ठ अभियंता लक्ष्मण भाट ने पीड़ित परिवार और जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि कागजी कार्रवाई पूर्ण होते ही विभाग द्वारा जल्द से जल्द उचित मुआवजा राशि स्वीकृत करा दी जाएगी।
भाजपा मंडल महामंत्री महेंद्र सिंह गोपावत ने कहा—
“प्रदेश सरकार पूरी तरह से किसानों और पशुपालकों के साथ खड़ी है। सरकार की योजनाओं में पशुधन का विशेष स्थान है, इसलिए पीड़ित किसान को बिना किसी देरी के उचित मुआवजा मिलना चाहिए। इसके साथ ही क्षेत्र में जहां भी बिजली के पोल ढीले हैं या करंट उतरने का खतरा है, विद्युत विभाग उन्हें तुरंत दुरुस्त करे ताकि भविष्य में किसी इंसानी जान या अन्य पशुधन की हानि न हो।”
ग्रामीणों ने भी बिजली विभाग से मांग की है कि ढीले तारों और खतरनाक पोलों को जल्द ठीक किया जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।