झल्लारा के भबराना में अनोखा नजारा: बारिश के बीच नाग-नागिन का अद्भुत नृत्य देखने उमड़े ग्रामीण, माना जाता है शुभ संकेत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

झल्लारा (सलूंबर)। क्षेत्र के भबराना ग्राम पंचायत अंतर्गत मंडीवाडा के पास प्रकृति का एक बेहद दुर्लभ और अद्भुत नजारा देखने को मिला, जिसे देख हर कोई दंग रह गया। यहाँ तेज गर्मी और उमस के बाद मौसम का मिजाज बदला और जैसे ही रिमझिम बारिश शुरू हुई, नाग-नागिन का एक जोड़ा खुले में आ गया। इस जोड़े ने बारिश की बूंदों के बीच करीब एक घंटे तक मनमोहक नृत्य किया और प्रकृति का आनंद लिया।
​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंडीवाडा के पास अचानक नाग-नागिन का यह जोड़ा एक-दूसरे के साथ अठखेलियां करता नजर आया। दोनों एक-दूसरे में लिपटे हुए करीब एक घंटे तक अपना परचम दिखाते रहे और हवा में लहराते रहे। अमूमन ऐसे दृश्य बहुत कम देखने को मिलते हैं, इसलिए जैसे ही ग्रामीणों को इसकी भनक लगी, देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने इस अद्भुत दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में भी कैद किया।
​इस दौरान मौके पर मौजूद बुजुर्गों और ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए बेहद शुभ संकेत बताया। ग्रामीण संस्कृति और पुरानी मान्यताओं के अनुसार, यदि नाग-नागिन का जोड़ा इस तरह आनंद लेता हुआ दिखाई दे, तो उस वर्ष क्षेत्र में मानसून बहुत अच्छा रहता है, बारिश अच्छी होती है और फसलों की पैदावार भी बंपर होती है। इसे पूरे वर्ष के लिए खुशहाली और संपन्नता का प्रतीक माना जाता है। आधुनिक युग में जहाँ ऐसे नजारे दुर्लभ हो चुके हैं, वहीं भबराना में इस अद्भुत और रहस्यमयी दृश्य को देखना लोगों के लिए एक यादगार और कौतूहल का विषय बन गया है।

रिपोर्टर नाथू लाल सालवी

और पढ़ें

error: Content is protected !!