धारोद बाईपास हादसे के बाद चक्काजाम, प्रशासन से तीखी बहस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। धारोद बाईपास पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद शनिवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। हादसे में एक युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। हालात को संभालने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद करना पड़ा।

ग्रामीणों का आरोप था कि सड़क पर कई दिनों से पड़ा पेड़ अवरोध हादसों को न्योता दे रहा था, लेकिन संबंधित विभागों ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। युवक की मौत के बाद लोगों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने सड़क जाम कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर (एडीएम) सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सड़क पर बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। काफी देर तक चली वार्ता के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और यातायात बहाल हो सका।
ग्रामीणों ने मृतक परिवार को आर्थिक सहायता, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा सड़क सुरक्षा के स्थायी इंतजाम करने की मांग रखी। वहीं प्रशासन ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं और सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि शिकायतों पर समय रहते ध्यान दिया जाता तो एक परिवार का चिराग बुझने से बच सकता था।

और पढ़ें

error: Content is protected !!