सलूम्बर। जिले के लसाड़िया क्षेत्र में शुक्रवार को जिला कलक्टर मोहम्मद जुनैद पी.पी. ने स्वास्थ्य सेवाओं और विकास कार्यों का जमीनी स्तर पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की पड़ताल की।
उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा कर मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया, वहीं निर्माणाधीन कुण पुलिया के कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की भी समीक्षा की।
अस्पताल निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने वार्डों, ओपीडी, दवा वितरण कक्ष तथा परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था देखी। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा अस्पताल में आवश्यक सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर व्यवस्थाएं आमजन के विश्वास को मजबूत करती हैं, इसलिए किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान दवाओं की उपलब्धता, उपचार व्यवस्था और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की भी जानकारी ली गई। जिला कलक्टर ने चिकित्सा स्टाफ को मरीजों एवं उनके परिजनों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने क्षेत्र में निर्माणाधीन कुण पुलिया का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गति और तकनीकी गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण सामग्री एवं कार्य निष्पादन में निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना आमजन की आवाजाही और सुरक्षा से जुड़ी है, इसलिए गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
जिला कलक्टर ने निर्माण कार्यों की नियमित तकनीकी जांच कराने और तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।