सलूंबर। सरकारी योजनाओं का लाभ पाने में तकनीकी अड़चनें अक्सर ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन जाती हैं, लेकिन ग्रामीण सेवा शिविर अब ऐसी समस्याओं के त्वरित समाधान का माध्यम बन रहे हैं। झल्लारा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत इरमाल में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में एक महिला की लंबे समय से अटकी गैस सब्सिडी की समस्या का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
गांव की नवली मीणा गैस सब्सिडी से वंचित थीं। जांच में सामने आया कि उनके राशन कार्ड और एलपीजी आईडी के बीच आवश्यक मैपिंग नहीं होने के कारण सब्सिडी का लाभ नहीं मिल पा रहा था। शिविर में मौजूद अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच कर तत्काल तकनीकी प्रक्रिया पूरी करवाई और दोनों रिकॉर्ड को सफलतापूर्वक लिंक कर दिया।
मैपिंग पूर्ण होते ही लाभार्थी के लिए गैस सब्सिडी प्राप्त करने का रास्ता साफ हो गया। नवली मीणा ने बताया कि जिस कार्य के लिए उन्हें कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ सकते थे, वह शिविर में एक ही दिन में पूरा हो गया। उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन की पहल को ग्रामीणों के लिए राहतकारी बताते हुए आभार जताया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य लोगों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, ताकि आमजन को अनावश्यक भागदौड़ से बचाया जा सके। शिविरों में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है।