सलूम्बर। जिले में जल जीवन मिशन के कार्यों को गति देने और ग्रामीण क्षेत्रों में समयबद्ध पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलक्टर ने कहा कि ग्रामीण परिवारों तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने शत-प्रतिशत पूर्ण हो चुके गांवों को शीघ्र “हर घर जल” प्रमाणन दिलाने, जल सेवा आंकलन समय पर पूरा करने तथा विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को गति देने पर जोर दिया। साथ ही 85 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुके गांवों में शेष कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
स्कूलों और आंगनबाड़ियों में पेयजल व्यवस्था पर फोकस
सोम-कमला-अम्बा परियोजना की भी हुई समीक्षा, नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
बैठक में स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों और स्वास्थ्य संस्थानों में पेयजल उपलब्धता की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जिन संस्थानों में अभी तक पेयजल सुविधा नहीं पहुंची है, वहां तत्काल कार्ययोजना बनाकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
इस दौरान सोम-कमला-अम्बा पेयजल परियोजना से जुड़े कार्यों की पैकेजवार समीक्षा की गई। अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विभिन्न निर्माण एवं वितरण कार्यों की जानकारी दी। कलक्टर ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और योजनाओं की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य हासिल करें, ताकि जिले के प्रत्येक ग्रामीण परिवार को निर्बाध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।